- डॉग स्कॉड सर्चिंग के बाद बाघ के शिकार के दो आरोपी गिरफ्तार
सिवनी 2 मार्च 2021 (लोकवाणी)। बीते दिनों दक्षिण सामान्य वन मंडल सिवनी के कुरई वन परिक्षेत्र अंतर्गत गोरखपुर बीट के जंगल में बाघ का शव मिला था, संदिग्ध परिस्थितियां नजर आने पर मौके पर पहुंचे वन अधिकारियों ने जब पेंच नेशनल पार्क के डॉग स्क्वायड की मदद से सर्चिंग अभियान शुरू किया, तो प्रशिक्षित डॉग जंगल से शिकारियों को खोजता हुआ करीब एक किलोमीटर दूर फतेहपुर बस्ती में आरोपित किशोर कुमरे के घर के सामने आकर ठहर गया, इस दौरान घर में ताला लगा हुआ था। डॉग स्क्वायड के साथ मौजूद वन अमले ने बाद में आरोपितों को गांव से धरदबोचा। बताया गया कि फतेहपुर निवासी गिरफ्तार दोनों आरोपित सगे भाई है। आरोपियों में किशोर कुमरे उम्र 33 वर्ष व रमेश कुमरे उम्र 19 वर्ष के नाम शामिल है।
फतेहपुर गांव से गोरखपुर बीट का जंगल लगा हुआ है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक बस्ती के पास मौजूद 11 केवी बिजली लाइन से करंटयुक्त तार जंगल में वन्यप्राणी का शिकार करने फैलाए गए थे, जिसकी चपेट में आकर वयस्क नर बाघ की मौत हो गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि आरोपी ने वन्यप्राणी का शिकार करने जंगल में एक किमी अंदर तक करंट फैलाया था।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक नीलगाय अथवा हिरण का शिकार करने आरोपितों ने फतेहपुर बस्ती से करीब एक किलोमीटर जंगल में अंदर तक करंटयुक्त जीआई तार फैलाए थे, जिसकी चपेट में आने से वयस्क बाघ की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाघ की मौत करीब पांच दिन पहले हुई है। करंट से बाघ की मौत का पता चलने के बाद शिकारियों ने शव को जंगल के गड्ढे में फेंक दिया और मौके में फैलाया गया जीआई तार गायब कर दिए। घटना स्थल पर बाघ के करंटयुक्त तार के संपर्क में आने से हुए शार्ट सर्किट से मौके में जली सूखी घास, जीआई तार का टूटा टुकड़ा, करंट लगाने में उपयोग की गई खूटियां मिली हैं। इस मामले में सीसीएफ सिवनी आर.एस. कोरी ने बताया कि बाघ की मौत के मामले में फतेहपुर गांव निवासी दो आरोपितों को गिरफ्तार कर प्रकरण में विस्तृत विवेचना की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बाघ की मौत करंट से होने के साक्ष्य मिले है।
